सास के कैरेक्टर पर शक, दामाद ने हैवानियत की हद पार कर शव के किये 19 टुकड़े

कर्नाटक के तुमकुरु जिले में एक खौफनाक हत्या का खुलासा हुआ है। दंत चिकित्सक दामाद ने चरित्र पर शक के चलते अपनी सास की हत्या कर शव के 19 टुकड़े कर दिए। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर।

सास के कैरेक्टर पर शक, दामाद ने हैवानियत की हद पार कर शव के किये 19 टुकड़े
प्रतीकात्मक तस्वीर

कर्नाटक के तुमकुरु जिले में 42 वर्षीय लक्ष्मी देवी की हत्या और उसके बाद शव को 19 टुकड़ों में काटने की वारदात ने पूरे राज्य को हिला दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के दंत चिकित्सक दामाद डॉ. रामचंद्रप्पा एस. और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चरित्र पर शक के चलते महिला का बेरहमी से कत्ल किया और सबूत मिटाने के लिए शव के टुकड़े कर अलग-अलग जगह फेंक दिए।

सड़क किनारे मिले 14 प्लास्टिक बैग
7 अगस्त को कोरतगेरे के कोलाला गांव में राहगीरों को सात प्लास्टिक बैग में बंद मानव अंग सड़क किनारे पड़े मिले। अगले दिन तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को सात और प्लास्टिक बैग मिले, जिनमें महिला का कटा हुआ सिर और बाकी अंग थे। शव आंशिक रूप से सड़ा-गला था, लेकिन सिर के आधार पर पहचान लक्ष्मी देवी के रूप में की गई।

पेशेवर तरीके से किया गया टुकड़ों में विभाजन
पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि शव को बेहद सटीक और पेशेवर अंदाज में काटा गया था, जिससे अंदाजा लगा कि इस काम में मेडिकल फील्ड के व्यक्ति की संलिप्तता है। आरोपियों ने इन टुकड़ों को अलग-अलग बैग में भरकर राज्य के कई हिस्सों में फेंका, ताकि पहचान और गिरफ्तारी से बचा जा सके।

पुलिस की विशेष जांच टीम की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अशोक के. वी. ने एक विशेष जांच टीम (SIT) बनाई। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दामाद रामचंद्रप्पा, सतीश के. एन. और किरण के. एस. को गिरफ्तार कर लिया।

हत्या की वजह: शक और अपमान
पुलिस पूछताछ में रामचंद्रप्पा ने कबूल किया कि उसे अपनी सास के चरित्र पर शक था, जिससे वह अपमानित महसूस करता था। इसी गुस्से और शक ने उसे इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने पर मजबूर किया। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को टुकड़ों में बांटकर प्लास्टिक बैग में पैक किया और अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।

आरोपी न्यायिक हिरासत में
फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इस वारदात में इस्तेमाल किए गए औजारों और साक्ष्यों को इकट्ठा कर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।