गाजियाबाद में वांटेड कादिर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, पथराव और गोलीबारी में कांस्टेबल शहीद

गाजियाबाद के नाहल गांव में वांछित आरोपी कादिर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव और गोलीबारी कर दी। इस हमले में कांस्टेबल सौरभ देशवाल शहीद हो गए। पुलिस ने बदमाश कादिर को गिरफ्तार कर लिया है।

गाजियाबाद में वांटेड कादिर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, पथराव और गोलीबारी में कांस्टेबल शहीद
Police team attacked in Ghaziabad

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रविवार रात पुलिस टीम पर घातक हमला हुआ। घटना मसूरी थाने के नाहल गांव की है, जहां नोएडा और मसूरी पुलिस की संयुक्त टीम एक वांछित आरोपी कादिर उर्फ मंटर को गिरफ्तार करने गई थी।

पुलिस ने कादिर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन इस दौरान कादिर के साथियों और परिजनों ने पुलिस टीम पर पथराव और गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में गौतमबुद्ध नगर के फेस-3 थाने में तैनात सिपाही सौरभ देशवाल के सिर में गोली लग गई।

कांस्टेबल शहीद
हमले के बाद सौरभ को तत्काल यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सौरभ देशवाल मूल रूप से शामली जिले के रहने वाले थे और अपनी ड्यूटी के प्रति समर्पित थे। उनकी मौत ने पुलिस विभाग और उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

घटना के बाद की कार्रवाई
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने कादिर को घेरकर दोबारा गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों और हमलावरों की पहचान के लिए इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। घटना के बाद नोएडा पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने गाजियाबाद पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कादिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

डीसीपी तिवारी ने कहा, यह एक गंभीर घटना है, और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। पुलिस ने मसूरी थाने में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच के तहत आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।