दिल्ली में राष्ट्रपति भवन से 2 km दूर हादसा, तेज रफ्तार थार ने 2 पैदल यात्रियों को कुचला, एक की मौके पर मौत
दिल्ली में राष्ट्रपति भवन से महज 2 किमी दूर तेज रफ्तार थार ने दो लोगों को टक्कर मारी। एक की मौत, एक घायल। गाड़ी से शराब की बोतल बरामद, चालक हिरासत में। जानिए पूरा मामला।
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। लुटियन्स दिल्ली के 11 मूर्ति इलाके के पास, राष्ट्रपति भवन से महज 2 किलोमीटर की दूरी पर, एक तेज रफ्तार थार ने दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में इलाज जारी है।
तेज रफ्तार से बेकाबू हुई थार, टक्कर में उड़े परखच्चे
गवाहों के अनुसार, थार की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि टक्कर के बाद उसका अगला टायर तक बाहर निकल गया। हादसे के समय गाड़ी में केवल चालक मौजूद था। पुलिस ने गाड़ी के अंदर से शराब की बोतल बरामद की है। जांच में पता चला है कि यह थार उत्तर प्रदेश नंबर पर रजिस्टर्ड है।
पैदल जा रहे युवक की मौके पर मौत
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक पैदल सड़क पार कर रहा था, तभी अचानक बेकाबू थार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई और उसका अगला पहिया निकल गया। गनीमत रही कि गाड़ी पलटी नहीं, वरना चालक की जान भी जा सकती थी।
एक अगस्त को भी हुआ था ओवर स्पीड चालान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया। गाड़ी के अंदर मिली शराब की बोतलों की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस थार से यह हादसा हुआ, उसका 1 अगस्त को ओवरस्पीडिंग का चालान भी कटा था।


आँखें न्यूज़ 24 




