धनतेरस 2025: सोना-चांदी नहीं खरीद सकते? तो जरूर खरीदें ये 7 शुभ वस्तुएं, घर में आएगी समृद्धि
धनतेरस 2025 पर अगर आप सोना-चांदी नहीं खरीद पा रहे हैं तो चिंता न करें। इस दिन झाड़ू, धनिया, पीतल के बर्तन, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, श्रीयंत्र, गोमती चक्र और पीली कौड़ी खरीदना बेहद शुभ माना जाता है। जानें क्या खरीदें और किन चीजों से बचें।
दीपावली महापर्व की शुरुआत धनतेरस (Dhanteras 2025) से होती है। इस दिन खरीदारी करना बेहद शुभ माना जाता है क्योंकि पौराणिक मान्यता के अनुसार कार्तिक मास की त्रयोदशी तिथि को समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि (Lord Dhanvantari) अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। तभी से इस दिन धातु और बर्तन खरीदने की परंपरा चली आ रही है।
इस बार त्रयोदशी तिथि की शुरुआत 18 अक्टूबर 2025, शनिवार को दोपहर 12:18 बजे होगी और इसका समापन 19 अक्टूबर 2025, रविवार को दोपहर 1:51 बजे होगा। उदय तिथि के आधार पर धनतेरस का पर्व 18 अक्टूबर को मनाया जाएगा।
बर्तन और पीतल की खरीदारी
धनतेरस पर नए बर्तन खरीदना सबसे प्राचीन परंपरा मानी जाती है। खासतौर पर पीतल (Brass) को भगवान धन्वंतरि की धातु कहा गया है। मान्यता है कि पीतल के बर्तन लाने से घर में आरोग्य, सौभाग्य और 13 गुना धन लाभ होता है।
झाड़ू
झाड़ू को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है। धनतेरस पर नया झाड़ू खरीदकर घर में लाने और पूजा करने से दरिद्रता दूर होती है और सुख-समृद्धि का वास होता है।
धनिया के बीज
धनतेरस पर धनिया खरीदकर मां लक्ष्मी को अर्पित करने की परंपरा है। पूजा के बाद इसे तिजोरी या धन स्थान पर रखने से बरकत और धन वृद्धि होती है।
लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां
धनतेरस के दिन मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की नई मूर्तियां खरीदना बहुत शुभ होता है। इन मूर्तियों की दिवाली के दिन पूजा करने से घर में धन-वैभव आता है और बाधाएं दूर होती हैं।
श्रीयंत्र और कुबेर यंत्र
अगर आप सोना-चांदी नहीं खरीद पा रहे हैं तो श्रीयंत्र (Shree Yantra) या कुबेर यंत्र खरीदना श्रेष्ठ माना जाता है। इन्हें तिजोरी या दुकान में स्थापित करने से लक्ष्मी-कुबेर की कृपा बनी रहती है।
गोमती चक्र
धनतेरस पर 11 गोमती चक्र खरीदकर लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखने से धन की कमी दूर होती है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
पीली कौड़ी
कौड़ी को मां लक्ष्मी से जुड़ा माना गया है। पीली कौड़ी को हल्दी से रंगकर दिवाली की रात पूजा करने के बाद तिजोरी में रखने से घर में धन का प्रवाह बना रहता है।
किन चीजों की खरीदारी से बचें?
धनतेरस के दिन काले वस्त्र या सामान खरीदना अशुभ माना जाता है। इसी तरह लोहे से बनी नुकीली चीजें जैसे कैंची, चाकू आदि भी इस दिन नहीं खरीदनी चाहिए।


आँखें न्यूज़ 24 




