राहुल गांधी के 'एटम बम' वाले बयान पर चुनाव आयोग का पलटवार, वोट चोरी आरोप ने मचाया सियासी तूफान

चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों को खारिज किया, कहा- कर्मचारी पारदर्शिता से काम करें, धमकियों से प्रभावित न हों।

राहुल गांधी के 'एटम बम' वाले बयान पर चुनाव आयोग का पलटवार, वोट चोरी आरोप ने मचाया सियासी तूफान
Election Commission and Rahul Gandhi

चुनाव आयोग ने शुक्रवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा लगाए गए वोटर फ्रॉड (Voter Fraud) के आरोपों को "बेबुनियाद और गैर-जिम्मेदाराना" करार दिया। आयोग ने चुनाव अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ऐसी धमकियों और बयानों से प्रभावित न हों और अपने कार्य को निष्पक्षता व पारदर्शिता से जारी रखें।

चुनाव आयोग ने स्पष्ट कहा, हम हर दिन लगाए जा रहे आधारहीन आरोपों की अनदेखी कर रहे हैं। हमारे कर्मचारी पूरी ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं और राजनीतिक दबाव में नहीं आएंगे।

राहुल गांधी का आरोप: 'हमारे पास वोट चोरी के पुख्ता सबूत, चुनाव आयोग खुद शामिल'
इससे पहले संसद भवन परिसर में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा, इस बार की वोट चोरी में चुनाव आयोग ऊपर से नीचे तक शामिल है। मैं यह बात हल्के में नहीं कह रहा। हमारे पास इसके पुख्ता सबूत हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया के तहत एक करोड़ नए फर्जी मतदाता जोड़े गए, जिससे लोकतंत्र पर सीधा हमला हुआ है।

'जो खुलासा हुआ है वह परमाणु बम से कम नहीं' 
राहुल गांधी ने अपने बयान में यह भी कहा कि विपक्ष ने स्वतंत्र जांच शुरू की और जो निष्कर्ष सामने आए हैं, वो बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कहा, यह जो खुलासा हुआ है, वह परमाणु बम से कम नहीं है। जब यह फटेगा तो चुनाव आयोग के पास छिपने की कोई जगह नहीं बचेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश, लोकसभा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई और चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की।

INDIA गठबंधन ने भी जताई चिंता
INDIA गठबंधन ने राहुल गांधी के आरोपों का समर्थन करते हुए कहा कि बिहार में चल रही SIR प्रक्रिया को तुरंत रोका जाए और इस पूरी प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराई जाए। गठबंधन नेताओं का कहना है कि यह केवल एक राज्य की नहीं, पूरे लोकतंत्र की सुरक्षा का सवाल है।