चुनाव आयोग की चेतावनी: राहुल गांधी को देना होगा हलफनामा या देश से मांगनी होगी माफी
चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के वोट चोरी आरोपों को खारिज करते हुए सख्त चेतावनी दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि राहुल गांधी को 7 दिन में हलफनामा देना होगा या फिर देश से माफी मांगनी होगी।
चुनाव आयोग ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोपों पर रविवार (17 अगस्त 2025) को कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि “हलफनामा देना होगा या देश से माफी मांगनी होगी, तीसरा कोई विकल्प नहीं है।
राहुल गांधी के आरोपों पर चुनाव आयोग का जवाब
राहुल गांधी ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया था कि वोट चोरी और फर्जी मतदान हुआ है। इस पर मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि बिना सबूत के ऐसे आरोप स्वीकार्य नहीं हैं।
7 दिन में हलफनामा नहीं तो आरोप निराधार
ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी के पास सात दिन का समय है। अगर इस अवधि में हलफनामा नहीं दिया गया, तो यह माना जाएगा कि लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि “चुनाव आयोग हर योग्य मतदाता के साथ चट्टान की तरह खड़ा है, किसी का नाम बिना कारण मतदाता सूची से नहीं काटा जाएगा।”
PPT और झूठे आंकड़ों पर उठाए सवाल
मुख्य चुनाव आयुक्त ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल एक PPT दिखाकर और अप्रमाणित आंकड़े देकर चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अगर कोई यह कहता है कि किसी महिला ने दो बार वोट दिया और यह पोलिंग ऑफिसर ने कहा है, तो इतने गंभीर आरोपों के लिए सबूत जरूरी है।
'चुनाव आयोग चुप नहीं रहेगा'
ज्ञानेश कुमार ने यह भी कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी मतदाता सूची और सबसे बड़े चुनाव कर्मियों की फौज वाला देश है। ऐसे में बेबुनियाद आरोपों को नजरअंदाज करना संभव नहीं। उन्होंने दोहराया कि “राहुल गांधी को हलफनामा देना होगा या फिर देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी।


आँखें न्यूज़ 24 




