जेडीयू में केसी त्यागी का अध्याय खत्म? पार्टी सूत्रों के संकेतों से बढ़ी सियासी हलचल
जेडीयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी को लेकर पार्टी के भीतर बड़ा संकेत मिला है। प्रवक्ता राजीव रंजन के बयान से साफ है कि जेडीयू ने उनसे दूरी बना ली है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट।
जनता दल यूनाइटेड के भीतर वरिष्ठ नेता केसी त्यागी को लेकर बड़ा संकेत सामने आया है। पार्टी के आला सूत्रों का कहना है कि जेडीयू में त्यागी का राजनीतिक अध्याय अब लगभग समाप्त हो चुका है। हालिया घटनाक्रम और पार्टी प्रवक्ताओं के बयानों से यह संदेश साफ मिलने लगा है कि पार्टी ने उनसे दूरी बना ली है।
पार्टी प्रवक्ता राजीव रंजन के बयान ने इस चर्चा को और हवा दे दी है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भारत रत्न को लेकर केसी त्यागी की टिप्पणी उनकी निजी राय है और पार्टी का उससे कोई संबंध नहीं है। इतना ही नहीं, राजीव रंजन ने यहां तक कह दिया कि त्यागी का अब जेडीयू के मामलों से खास लेना-देना नहीं है और वे पार्टी में हैं या नहीं, यह बात कई कार्यकर्ताओं को भी स्पष्ट नहीं है।
औपचारिक कार्रवाई से फिलहाल परहेज
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने भले ही अभी तक औपचारिक रूप से कोई कार्रवाई नहीं की हो, लेकिन अंदरखाने त्यागी की विदाई मानी जा रही है। पुराने संबंधों और उनके लंबे राजनीतिक अनुभव को देखते हुए फिलहाल किसी तरह की सार्वजनिक अनुशासनात्मक कार्रवाई से परहेज किया जा रहा है।
भारत रत्न की मांग और सियासी संदेश
इस पूरे विवाद की पृष्ठभूमि में वह पत्र भी है, जो केसी त्यागी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा था। इस पत्र में उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न दिए जाने की मांग की थी। सियासी गलियारों में इस कदम को डैमेज कंट्रोल के तौर पर देखा गया, क्योंकि उससे पहले त्यागी कई मुद्दों पर पार्टी लाइन से अलग राय रख चुके थे।
नीतीश कुमार के पक्ष में दलील
अपने पत्र में त्यागी ने तर्क दिया था कि जैसे पिछले वर्ष चौधरी चरण सिंह और कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया गया, उसी तरह नीतीश कुमार भी इस सर्वोच्च नागरिक सम्मान के योग्य हैं। उन्होंने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा था कि बिहार और देश के लिए नीतीश कुमार के योगदान को सम्मान देने का इससे बेहतर तरीका नहीं हो सकता।
भारत रत्न और पूर्व उदाहरणों का हवाला
केसी त्यागी ने यह भी याद दिलाया कि भारत रत्न जीवित व्यक्तियों को भी दिया जा चुका है। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, लता मंगेशकर और प्रणब मुखर्जी जैसे नामों का उदाहरण देते हुए कहा कि इस सम्मान की परंपरा में ऐसा पहले भी हो चुका है।
डैमेज कंट्रोल की कोशिश?
हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि त्यागी की यह चिट्ठी केवल सम्मान की मांग नहीं थी, बल्कि इसके पीछे अपनी सियासी स्थिति संभालने की कोशिश भी छिपी हो सकती है। दरअसल, बीते कुछ समय में वह लगातार विवादों में रहे हैं, जिससे पार्टी असहज महसूस कर रही थी।
लगातार विवादों से बढ़ी मुश्किल
त्यागी ने हाल ही में आईपीएल से जुड़े एक फैसले का विरोध किया था, जिसमें बांग्लादेशी खिलाड़ी को हटाया गया था। इसके अलावा, 2024 में फिलिस्तीन मुद्दे पर उन्होंने भारत सरकार से अलग रुख अपनाया था। इन बयानों के चलते उन्हें सितंबर 2024 में जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
पार्टी की नाराज़गी और दूरी
अब जेडीयू सूत्रों का साफ कहना है कि केसी त्यागी के हालिया बयानों से पार्टी नाराज़ है और इस मुद्दे पर जेडीयू का कोई आधिकारिक स्टैंड नहीं है। पार्टी फिलहाल इस पूरे मामले से खुद को अलग दिखाने की कोशिश कर रही है।


आँखें न्यूज़ 24 




