सेवा तीर्थ से PM मोदी का बड़ा दांव, पहली फाइल पर हस्ताक्षर और सीधा जनता को संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 फरवरी 2026 को नए कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ का उद्घाटन किया और वहीं से पीएम राहत योजना व लखपति दीदी लक्ष्य दोगुना करने जैसे बड़े फैसलों को मंजूरी दी। जानिए क्या हैं ये अहम निर्णय।

सेवा तीर्थ से PM मोदी का बड़ा दांव, पहली फाइल पर हस्ताक्षर और सीधा जनता को संदेश
PM Narendra Modi

13 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री Narendra Modi ने अपने नए कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ का उद्घाटन करते हुए शासन की एक नई शुरुआत की। अब प्रधानमंत्री कार्यालय रायसीना हिल स्थित साउथ ब्लॉक से स्थानांतरित होकर ‘सेवा तीर्थ’ में काम करेगा। इस नए परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ-साथ नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय भी कार्य करेंगे। नए कार्यालय में प्रवेश के साथ ही प्रधानमंत्री ने महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर कर यह संदेश दिया कि यह बदलाव केवल भवन का नहीं, बल्कि कार्यसंस्कृति और सेवा भावना का भी है।

सड़क हादसों में घायलों को 1.5 लाख तक कैशलेस इलाज
नए कार्यालय में काम शुरू करते ही प्रधानमंत्री ने ‘पीएम राहत योजना’ को मंजूरी दी, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तुरंत और कैशलेस इलाज उपलब्ध कराना है। योजना के तहत दुर्घटना पीड़ितों को 1.5 लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार मिलेगा, ताकि आर्थिक अभाव के कारण किसी की जान न जाए। सरकार का मानना है कि आपात स्थिति में त्वरित इलाज ही सबसे बड़ा जीवन रक्षक उपाय है और यह निर्णय देश के युवाओं तथा आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

2029 तक 6 करोड़ लखपति दीदी का नया लक्ष्य
इसी क्रम में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी बड़ा निर्णय लिया गया। सरकार ने ‘लखपति दीदी’ योजना का लक्ष्य बढ़ाकर 6 करोड़ करने का संकल्प लिया है। पहले 3 करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य मार्च 2027 तक रखा गया था, जिसे तय समय से एक वर्ष पहले ही हासिल कर लिया गया। अब मार्च 2029 तक 6 करोड़ ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की नई योजना पर काम शुरू होगा। इससे गांवों में महिला सशक्तिकरण को नई गति मिलने की उम्मीद है।