ऑपरेशन सिंदूर को 'तमाशा' कहने वाली प्रणीति शिंदे को पीएम मोदी ने क्यों किया माफ़?

लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर को "तमाशा" कहने पर पीएम मोदी कांग्रेस पर भड़के। जानिए उन्होंने क्या कहा और कैसे कांग्रेस सांसद प्रणीति शिंदे विवादों में आईं।

ऑपरेशन सिंदूर को 'तमाशा' कहने वाली प्रणीति शिंदे को पीएम मोदी ने क्यों किया माफ़?
PM Narendra Modi

लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर हुई चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कांग्रेस सांसद प्रणीति शिंदे की उस टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज़ जताया, जिसमें उन्होंने इस सैन्य कार्रवाई को "मीडिया का तमाशा" करार दिया था। प्रधानमंत्री ने अपनी बात रखते हुए कहा कि प्रणीति युवा सांसद हैं, उन्हें क्षमा किया जा सकता है, लेकिन यह बयान कांग्रेस आलाकमान की सोच को दर्शाता है।

ऑपरेशन सिंदूर को 'तमाशा' बताने पर PM मोदी का हमला
पीएम मोदी ने कहा, जो लोग ऑपरेशन सिंदूर को तमाशा कह रहे हैं, वे पहलगाम में शहीदों के बलिदान पर तेजाब छिड़कने जैसा पाप कर रहे हैं। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि कांग्रेस हाईकमान अपने सांसदों से लिखित स्क्रिप्ट पढ़वाता है। कांग्रेस के नेता खुद बोलने की हिम्मत नहीं रखते, इसलिए युवा सांसदों से ऐसे बयान दिलवाते हैं।

प्रणीति शिंदे ने क्या कहा था?
सोलापुर से कांग्रेस सांसद और पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे की बेटी प्रणीति शिंदे ने अपने संबोधन में कहा था, ऑपरेशन सिंदूर कुछ और नहीं, मीडिया में सरकार का तमाशा था। न सरकार ने बताया कि क्या हासिल हुआ, न ये कि कितने आतंकवादी मारे गए, कितने विमान खोए गए। सरकार जवाब देने से बच रही है।

इस बयान के बाद भाजपा की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं आईं और प्रधानमंत्री ने खुद लोकसभा में इसका जवाब दिया।

पीएम मोदी का जवाब: कांग्रेस डिप्लोमेसी सिखा रही है?
प्रधानमंत्री ने विपक्ष द्वारा ऑपरेशन सिंदूर को लेकर उठाए गए सवालों को जवाब देते हुए 2008 के मुंबई हमलों का हवाला दिया, मुंबई आतंकी हमले के बाद कांग्रेस सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ एक भी राजनयिक कदम नहीं उठाया। यहां तक कि एक वीजा तक रद्द नहीं किया गया। उन्होंने तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति को आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए जिम्मेदार ठहराया।

कौन हैं प्रणीति शिंदे?
- जन्म: 9 दिसंबर, 1980
- शिक्षा: बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल, माहिम
- सेंट जेवियर्स कॉलेज, मुंबई
- कानून की डिग्री धारक
- पूर्व विधायक: सोलापुर सेंट्रल से
- वर्तमान पद: सोलापुर से सांसद, महाराष्ट्र कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष