दलितों पर हमले में भाई वीरेंद्र सिर्फ मोहरा, पीछे असली चेहरा लालू यादव का है – BJP का RJD पर तीखा वार

बिहार चुनाव 2025 से पहले RJD विधायक भाई वीरेंद्र का ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे पंचायत सचिव को धमकी दे रहे हैं। BJP ने इसे दलित विरोधी मानसिकता बताया, जबकि तेज प्रताप यादव ने भी पार्टी पर सवाल उठाए। पढ़िए पूरी रिपोर्ट।

दलितों पर हमले में भाई वीरेंद्र सिर्फ मोहरा, पीछे असली चेहरा लालू यादव का है – BJP का RJD पर तीखा वार
RJD MLA Bhai Virendra

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी जैसे-जैसे तेज हो रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक तापमान भी चढ़ता जा रहा है। इसी बीच, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र एक नए विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं।

दरअसल, सोशल मीडिया पर एक ऑडियो कॉल तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भाई वीरेंद्र, पटना जिले के एक पंचायत सचिव को कथित रूप से धमकी देते हुए सुने जा सकते हैं। यह मामला उस वक्त गरमाया जब विधायक ने सचिव से एक महिला रिंकी देवी के पति के मृत्यु प्रमाण पत्र के बारे में पूछा। सचिव ने उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया, जिससे नाराज होकर विधायक ने उन्हें जूता मारने की धमकी दे डाली।

ऑडियो कॉल में क्या है?
ऑडियो क्लिप में मनेर विधायक भाई वीरेंद्र पंचायत सचिव से कड़ाई से सवाल कर रहे हैं। बात इतनी बढ़ गई कि उन्होंने सचिव से कहा, जानते नहीं हो मैं कौन हूं? एक जूता मार देंगे।

यह भाषा और व्यवहार ना सिर्फ संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि यह सवाल भी खड़ा करता है कि सत्ता में बैठे लोग आम जनता और कर्मचारियों से किस तरह पेश आते हैं।

BJP का पलटवार: 'भाई वीरेंद्र मोहरा हैं, असली चेहरा लालू हैं'
बिहार भाजपा ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने एक ग्राफिक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, दलितों पर हिंसा के पीछे असली चेहरा लालू यादव हैं, भाई वीरेंद्र तो केवल मोहरा हैं।

पोस्ट में लालू प्रसाद यादव की एक काल्पनिक 'पाठशाला' दिखाई गई है, जिसमें वो पूछते हैं – जूते का सही उपयोग बताओ? और नीचे जवाब में भाई वीरेंद्र कहते हैं, पहला काम – दलितों को पीटना, दूसरा काम – पहनना।

तेज प्रताप यादव का RJD पर ही हमला
लालू यादव के बेटे और RJD के विधायक तेज प्रताप यादव ने भी इस मुद्दे पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, क्या RJD अपने विधायक भाई वीरेंद्र पर भी उतनी ही सख्ती दिखाएगी, जैसी मुझ पर दिखाई? संविधान का सम्मान भाषणों में नहीं, आचरण में दिखना चाहिए।

तेज प्रताप ने यह भी इशारा किया कि उन्हें पार्टी से कुछ लोगों की साजिश के तहत बाहर निकाला गया, और अब देखना यह होगा कि भाई वीरेंद्र जैसे नेताओं पर क्या कार्रवाई होती है।