'डेड इकॉनॉमी' पर राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, ट्रंप के बयान को बताया सच

राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के भारत को 'Dead Economy' कहने के बयान को बताया सच। मोदी सरकार पर अर्थव्यवस्था को तबाह करने का आरोप।

'डेड इकॉनॉमी' पर राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, ट्रंप के बयान को बताया सच
Rahul Gandhi

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस विवादास्पद बयान का समर्थन किया है, जिसमें भारत की अर्थव्यवस्था को "Dead Economy" कहा गया था। राहुल गांधी ने कहा कि यह टिप्पणी "कड़वी सच्चाई" है जिसे भारत सरकार नजरअंदाज कर रही है।

राहुल गांधी ने कहा, हां, वह (ट्रंप) सही कह रहे हैं। प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को छोड़कर हर कोई जानता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था मृत पड़ी है। मुझे खुशी है कि अमेरिका के राष्ट्रपति ने फैक्ट सामने रखा। पूरी दुनिया जानती है कि भारत की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो चुकी है। बीजेपी ने अडानी की मदद करने के लिए इसे तबाह कर दिया।

इसके साथ ही राहुल गांधी ने अपने X पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा, भारतीय अर्थव्यवस्था मर चुकी है। पीएम मोदी ने इसे अडानी-मोदी साझेदारी, नोटबंदी, त्रुटिपूर्ण GST, फेल ‘Assemble in India’, MSME सेक्टर की तबाही और किसानों की बर्बादी के जरिए खत्म कर दिया है। युवाओं के पास नौकरियां नहीं हैं, उनका भविष्य अंधेरे में है।

ट्रंप का भारत पर हमला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और रूस को Dead Economies करार देते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, मुझे फर्क नहीं पड़ता कि भारत रूस के साथ क्या करता है। वे अपनी डेड इकॉनॉमी को मिलकर तबाह कर सकते हैं।

ट्रंप ने यह बयान ऐसे समय में दिया है जब उन्होंने भारत से आयात पर 25% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। उन्होंने भारत पर सबसे ज्यादा आयात शुल्क (highest tariffs globally) लगाने का आरोप भी लगाया।