एशिया कप 2025 से पहले रिंकू सिंह के बल्ले ने बरपाया कहर, UP T20 लीग में खेली तूफानी पारी

एशिया कप 2025 से पहले रिंकू सिंह ने UP T20 लीग में काशी रुद्रास के खिलाफ 78 रन की धमाकेदार पारी खेलकर मेरठ मैवरिक्स को जीत दिलाई। जानें पूरा मैच रिपोर्ट।

एशिया कप 2025 से पहले रिंकू सिंह  के बल्ले ने बरपाया कहर, UP T20 लीग में खेली तूफानी पारी
Rinku Singh

एशिया कप 2025 से पहले भारतीय टीम को राहत देने वाली खबर सामने आई है। टीम इंडिया के फिनिशर रिंकू सिंह शानदार फॉर्म में लौट आए हैं। इस समय वह UP T20 लीग में मेरठ मैवरिक्स की कप्तानी कर रहे हैं और लगातार अपनी बल्लेबाजी से चर्चा बटोर रहे हैं। ताज़ा मुकाबले में उन्होंने काशी रुद्रास के खिलाफ सिर्फ 48 गेंदों में नाबाद 78 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को 7 विकेट से जीत दिलाई।

शुरुआत में लड़खड़ाई मेरठ की पारी
136 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेरठ मैवरिक्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में स्वास्तिक चिकारा बिना खाता खोले आउट हो गए। अगले ओवर में आकाश दुबे भी सिर्फ 4 रन बनाकर चलते बने।

नंबर 3 पर आए रुतुराज शर्मा से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन वह भी 19 गेंदों पर 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद टीम मुश्किल में थी, लेकिन कप्तान रिंकू सिंह ने अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया।

रिंकू और माधव की धमाकेदार साझेदारी
कठिन परिस्थिति में रिंकू सिंह को माधव कौशिक का साथ मिला। दोनों ने मिलकर मैच की तस्वीर बदल दी और नाबाद 112 रन की साझेदारी कर मेरठ मैवरिक्स को शानदार जीत दिला दी। माधव कौशिक 34 रन बनाकर नाबाद लौटे। 

कप्तान रिंकू सिंह ने मात्र 48 गेंदों में 78 रन* ठोके। उनकी पारी में 6 चौके और 6 छक्के शामिल थे और स्ट्राइक रेट रहा करीब 162। रिंकू का यह प्रदर्शन देखकर टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव भी बेहद उत्साहित होंगे।

काशी रुद्रास की कमजोर बल्लेबाजी
इससे पहले टॉस जीतकर काशी रुद्रास ने बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन उनकी शुरुआत उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। 20 ओवर में टीम केवल 135 रन ही बना पाई और 8 विकेट खो दिए। 

करन शर्मा ने सबसे ज्यादा 50 गेंदों पर 61 रन बनाए। मेरठ की तरफ से तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके।

एशिया कप से पहले टीम इंडिया को राहत
एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले रिंकू सिंह का इस तरह फॉर्म में लौटना भारतीय टीम के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। उन्हें स्क्वॉड में शामिल किया गया है और उम्मीद की जा रही है कि वे अपनी इसी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को मजबूत फिनिश देंगे।