Delhi Test Day 4: शाय होप का शतक बेकार, जीत से बस 58 रन दूर टीम इंडिया — राहुल और सुदर्शन क्रीज पर अडिग
दिल्ली टेस्ट के चौथे दिन भारत ने वेस्टइंडीज को 390 रनों पर समेट दिया। शाय होप ने 103 रन बनाए, जबकि बुमराह ने 4 विकेट झटके। भारत को जीत के लिए 121 रन का लक्ष्य मिला, चौथे दिन तक स्कोर 63/1 — अब बस 58 रन की दूरी पर है जीत।
दिल्ली टेस्ट का चौथा दिन पूरी तरह से रोमांच से भरा रहा। कभी वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने संघर्ष की झलक दिखाई, तो कभी भारतीय गेंदबाजों ने अपनी धार दिखाते हुए मैच को फिर से अपने पक्ष में मोड़ दिया। दिन खत्म होते-होते टीम इंडिया सिर्फ 58 रन दूर है ऐतिहासिक जीत से।
वेस्टइंडीज की वापसी, लेकिन अंत में बिखरी पारी
तीसरे दिन 170/2 से आगे खेलते हुए वेस्टइंडीज ने चौथे दिन शानदार शुरुआत की। शाय होप (103) और जॉन कैंपबेल (115) ने मिलकर 177 रनों की मजबूत साझेदारी कर टीम को उम्मीद दी कि शायद वे फॉलोऑन से उबर जाएंगे।
शाय होप के लिए यह शतक बेहद खास रहा — 8 साल बाद आया टेस्ट सेंचुरी, जिसने क्रिकेट फैंस को उनके सुनहरे दिनों की याद दिला दी।
लेकिन जैसे ही होप 103 रन बनाकर आउट हुए, वेस्टइंडीज की पारी ढह गई। टीम ने अगले 40 रनों में 5 विकेट गंवा दिए। जहां एक ओर भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाया, वहीं मेहमान टीम का मिडिल ऑर्डर पूरी तरह फेल साबित हुआ।
बुमराह की घातक गेंदबाज़ी से ढह गई वेस्टइंडीज
जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर अपने स्पेल से बता दिया कि उन्हें क्यों दुनिया का सबसे खतरनाक टेस्ट गेंदबाज कहा जाता है। उन्होंने चौथे दिन वेस्टइंडीज की आखिरी तीन विकेटें झटक कर पूरी पारी 390 रनों पर समेट दीं।
10वें विकेट के लिए जेडन सील्स और जस्टिन ग्रीव्स ने 79 रनों की अहम साझेदारी की, लेकिन वह भारत की बढ़त को रोकने में नाकाम रहे।
भारत के सामने 121 रन का आसान लक्ष्य
पहली पारी में बढ़त हासिल करने के कारण भारतीय टीम को जीत के लिए सिर्फ 121 रनों का लक्ष्य मिला। दूसरी पारी में जब यशस्वी जायसवाल बैटिंग करने आए तो उन्होंने तेजी दिखाने की कोशिश में सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि केएल राहुल (25)* और साई सुदर्शन (30)* ने पारी को संभाल लिया। दोनों ने मिलकर स्कोर 63/1 तक पहुंचा दिया है।
जीत से बस एक कदम दूर टीम इंडिया
चौथे दिन स्टंप्स तक भारत ने सिर्फ एक विकेट गंवाया। अब पांचवें दिन टीम को जीत के लिए सिर्फ 58 रन और बनाने हैं। राहुल और सुदर्शन की जोड़ी फिलहाल स्थिर नजर आ रही है और भारतीय फैंस को उम्मीद है कि टीम बिना किसी परेशानी के जीत दर्ज कर लेगी।


आँखें न्यूज़ 24 




