CBI केस पर कोर्ट की मुहर: सत्येंद्र जैन को क्लीन चिट, AAP ने कहा - BJP मांगे माफी!

दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को CBI केस में बड़ी राहत। कोर्ट ने क्लोज़र रिपोर्ट मंज़ूर की। AAP ने BJP से माफी की मांग की।

CBI केस पर कोर्ट की मुहर: सत्येंद्र जैन को क्लीन चिट, AAP ने कहा - BJP मांगे माफी!
Satyendar Jain

दिल्ली के पूर्व लोक निर्माण मंत्री (PWD Minister) और आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार, 4 अगस्त को उस मामले को बंद कर दिया जिसमें सीबीआई (CBI) ने कथित रूप से PWD विभाग में प्रोफेशनल्स की अनियमित भर्तियों को लेकर FIR दर्ज की थी।

कोर्ट ने कहा - 'साक्ष्य नहीं, सिर्फ़ संदेह के आधार पर नहीं हो सकती कार्यवाही'
कोर्ट ने सीबीआई द्वारा दाखिल क्लोज़र रिपोर्ट को स्वीकार करते हुए कहा कि कई वर्षों की लंबी जांच के बाद भी सत्येंद्र जैन या अन्य अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (POCA), 1988 या किसी अन्य अपराध के तहत कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है।

अदालत ने साफ कहा कि कोई भी आपराधिक षड्यंत्र या साजिश साबित करने लायक सामग्री नहीं मिली, इसलिए FIR को अंतिम रिपोर्ट के रूप में बंद किया जाता है।

PWD भर्ती घोटाला: 2019 में दर्ज हुई थी FIR
यह मामला 29 जुलाई 2019 को दिल्ली सरकार की विजिलेंस डिपार्टमेंट द्वारा दर्ज FIR से शुरू हुआ था, जिसमें आरोप लगाए गए थे कि नियमों के विरुद्ध PWD विभाग में भर्तियाँ की गईं।

बाद में यह मामला CBI को सौंपा गया। वर्षों चली जांच के बावजूद किसी भी तरह का भ्रष्टाचार या अनियमितता सिद्ध नहीं हो सका।

सौरभ भारद्वाज का बयान - 'झूठे केस औंधे मुंह गिरे'
कोर्ट के फैसले के बाद आम आदमी पार्टी की ओर से प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली सरकार में मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा – केंद्र सरकार द्वारा झूठे और बेतुके CBI केस अब कोर्ट में औंधे मुंह गिर रहे हैं। सत्येंद्र जैन पर भी ऐसे ही एक केस में वर्षों जांच करने के बाद भी CBI को कोई भ्रष्टाचार नहीं मिला और आज कोर्ट ने केस को बंद कर दिया। अब BJP को माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब AAP के मंत्रियों पर झूठे मुकदमे किए जाते हैं, तब भाजपा मीडिया ट्रायल करती है और छवि खराब करती है, लेकिन अब जब कोर्ट ने क्लीन चिट दे दी, तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए।