तेज प्रताप यादव का नया फ्रंट: 6 पार्टियों के साथ 'बिहार गठबंधन' का गठन; बेरोजगारी और विकास को बनाया चुनावी एजेंडा

तेज प्रताप यादव ने छह पार्टियों के साथ मिलकर नया फ्रंट “बिहार गठबंधन” बनाया। बेरोजगारी और बिहार के विकास को लेकर चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाते हुए तेज प्रताप यादव ने प्रदेशभर में सक्रिय मोड शुरू किया।

तेज प्रताप यादव का नया फ्रंट: 6 पार्टियों के साथ 'बिहार गठबंधन' का गठन; बेरोजगारी और विकास को बनाया चुनावी एजेंडा
Tej Pratap Yadav

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर तेज प्रताप यादव काफी सक्रिय हो गए हैं। आरजेडी से निष्कासित तेज प्रताप ने हाल ही में छह अलग-अलग पार्टियों के साथ मिलकर नया राजनीतिक फ्रंट तैयार किया है। इस नए गठबंधन का नाम उन्होंने “बिहार गठबंधन” रखा है।

तेज प्रताप यादव ने बीते शुक्रवार को यूट्यूब चैनल के माध्यम से बताया कि यह गठबंधन राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी सत्य के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यपाल सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता में तैयार किया गया है। गठबंधन में अब तक कुल छह पार्टियां शामिल हो चुकी हैं।

गठबंधन का एजेंडा
तेज प्रताप यादव ने कहा कि इस गठबंधन का मुख्य मुद्दा बेरोजगारी और बिहार में पलायन है। उन्होंने बताया कि सूखा और बाढ़ जैसी प्राकृतिक समस्याओं के बावजूद उनका फ्रंट धरातल पर काम करेगा। तेज प्रताप ने कहा, लोग हेलीकॉप्टर से घूम कर काम करते हैं, लेकिन मेरा काम धरातल पर होगा। हमारा गठबंधन पूरे बिहार के साथ जुड़ा रहेगा।

सत्यपाल सिंह सिसोदिया ने भी इस गठबंधन की सराहना की और कहा कि तेज प्रताप यादव ने बिहार में बेरोजगारी और विकास को लेकर नया राजनीतिक प्रारूप तैयार किया है। गठबंधन के सभी सदस्य अब विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर लड़ेंगे।

गठबंधन में शामिल पार्टियां
तेज प्रताप यादव ने पहले पांच अन्य छोटी पार्टियों के साथ गठबंधन किया था, जिनमें शामिल हैं:
- विकासशील वंचित इंसान पार्टी
- भोजपुरिया जन मोर्चा
- प्रगतिशील जनता पार्टी
- वाजीब अधिकार पार्टी
- संयुक्त किसान विकापार्टी

अब छठी पार्टी के रूप में राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी सत्य ने तेज प्रताप के साथ कदम मिलाया।

आरजेडी से निष्कासन के बाद तेज प्रताप यादव अपनी पार्टी और गठबंधन को मजबूत करने में लगे हुए हैं। यह नया “बिहार गठबंधन” बिहार विधानसभा चुनाव में उनके राजनीतिक महत्व और प्रभाव को और बढ़ाने का प्रयास है।