Weather Report: 50 किमी की स्पीड से चलेंगी तेज हवाएं, आंधी-ओले के साथ 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट!

Weather Report: 50 किमी की स्पीड से चलेंगी तेज हवाएं, आंधी-ओले के साथ 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट!
देशभर में एक बार फिर मौसम का मूड बिगड़ गया है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मध्य और उत्तरी भारत के कई हिस्सों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव हो गया है, जिससे भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज़ हवाओं की आशंका जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 राज्यों में अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है, जहां आने वाले दिनों में तेज हवाओं, आंधी-तूफान और भारी बारिश की आशंका है।जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी और मूसलधार बारिश ने जनजीवन को काफी प्रभावित किया है। वहीं, हिमाचल और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में भी 22 अप्रैल को बिजली कड़कने और ओले गिरने की चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घने बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
हालांकि राजधानी में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहेगा, लेकिन मंगलवार को आंशिक बादल और हल्की हवाएं चल सकती हैं। पूर्वोत्तर भारत पर एक मजबूत ट्रफ लाइन सक्रिय है, जिसकी वजह से अगले 5 दिनों तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और त्रिपुरा जैसे राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 22 अप्रैल को बहुत भारी बारिश का अनुमान है, साथ ही 50 किमी तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे दक्षिणी राज्यों में भी अगले 5 दिनों तक गरज-चमक और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। तटीय इलाकों में बादल घिरे रहेंगे और कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है। देश के कुछ हिस्सों में जहां बादल राहत दे रहे हैं, वहीं राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में गर्मी ने बेहाल कर दिया है।
नागपुर में तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया- जो फिलहाल देश में सबसे ज्यादा है। कई क्षेत्रों में हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है। राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में पारा 40 डिग्री के पार है, जबकि उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में 2-3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है। दिल्ली में दिन का तापमान 38-39 डिग्री और रात का 25-26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। हालांकि आने वाले दो दिन मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन हल्की हवाएं और बादल गर्मी को कुछ हद तक कम कर सकते हैं। IMD ने स्पष्ट किया है कि इन मौसमी बदलावों के बीच लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। तेज बारिश, आंधी, बिजली और ओलावृष्टि से फसलों और यात्रियों को नुकसान पहुंच सकता है।