जदयू ने तेजस्वी यादव को कहा साइबेरियन पक्षी, पार्टी बोली- चुनाव खत्म होते ही लौट गए अपने घर
बिहार विधानसभा का उपचुनाव खत्म होते ही तेजस्वी यादव अपने पिता लालू यादव को इलाज के लिए लेकर दिल्ली चले गए। फिलहाल वे बिहार से बाहर हैं, लेकिन शराब तस्करी के मसले पर सरकार पर लगातार हमलावर हैं। एक दिन पहले उन्होंने कहा था कि शराब तस्करी की बदौलत जदयू सबसे धनी पार्टी बन गया है। उन्होंने सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरते हुए कहा था कि तस्करों का सीधा कनेक्शन सीएम आवास से है। इस पर सत्ताधारी दल जदयू ने उन पर तीखा हमला किया है। जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान पार्षद संजय सिंह ने रविवार को कहा कि यह बात अब स्पष्ट हो चुकी है कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव साइबेरियन पक्षी की तरह हैं। जब चुनाव या सियासी मकसद नजर आता है तो वह बिहार आ जाते हैं और जनता उन्हें आईना दिखा देती। इसके बाद वह वापस लौट जाते हैं।







