बिहार चुनाव 2025: लालू ने बांटे सिंबल, तेजस्वी ने लौटते ही किया रिवर्स; आरजेडी में हाई वोल्टेज राजनीति!
बिहार चुनाव 2025 में महागठबंधन की सीट शेयरिंग को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा सामने आया। तेजस्वी यादव के दिल्ली से लौटते ही आरजेडी ने पहले बांटे गए टिकट और सिंबल वापस ले लिए। कांग्रेस ने भी सीट शेयरिंग प्रक्रिया पर नाराजगी जताई।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार से औपचारिक रूप से शुरू हो गई। वहीं, सत्ताधारी एनडीए और विपक्षी महागठबंधन (Mahagathbandhan) के बीच सीट शेयरिंग (seat sharing) को लेकर अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है।
सूत्रों के अनुसार, सोमवार की शाम पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पटना स्थित आवास पर आरजेडी (RJD) के कई संभावित उम्मीदवार पहुंचे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि इन नेताओं को संभावित टिकट के लिए आमंत्रित किया गया था।
लालू यादव ने देर शाम उम्मीदवारों को आरजेडी की ओर से चुनाव लड़ने के लिए सिंबल (party symbol) भी सौंप दिए। लेकिन जैसे ही तेजस्वी यादव दिल्ली से पटना लौटे, हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।
तेजस्वी यादव के लौटने पर सिंबल वापस, नेताओं में हड़कंप
तेजस्वी यादव के पटना पहुंचते ही उन नेताओं को पुनः राबड़ी आवास बुलाया गया, जिन्हें पहले सिंबल दिए गए थे। सूत्रों का कहना है कि तेजस्वी ने आदेश दिया कि अब तक वितरित किए गए सिंबल वापस लिए जाएं।
अर्धरात्रि में उम्मीदवारों ने बारी-बारी से राबड़ी देवी के आवास जाकर अपने सिंबल लौटाए। हालांकि, नेताओं ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया।
कांग्रेस ने जताई नाराजगी
आरजेडी की इस प्रक्रिया से कांग्रेस (Congress) नाराज थी, क्योंकि पटना में सीट शेयरिंग फाइनल किए बिना ही उम्मीदवारों को टिकट बांटना शुरू कर दिया गया था। कांग्रेस नेताओं ने तेजस्वी यादव को दिल्ली से लौटते ही संदेश भेजकर अपनी नाराजगी जताई।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के संदेश के बाद तेजस्वी यादव सक्रिय हुए और आरजेडी के उम्मीदवारों से सिंबल वापस ले लिए। फिलहाल आरजेडी के नेता इस विषय पर कोई बयान नहीं दे रहे हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




