बिहार में राजस्व महाअभियान 2025: अब घर बैठे सुधारें अपनी जमीन की जमाबंदी, नामांतरण और बंटवारा
बिहार में 16 अगस्त से 20 सितंबर 2025 तक चलेगा राजस्व महाअभियान। डिजिटाइज्ड जमाबंदी सुधार, उत्तराधिकार और बंटवारा नामांतरण, और छूटी हुई जमाबंदियों को ऑनलाइन किया जाएगा। जानिए कैसे मिलेगा आपको लाभ।
बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की एक बड़ी पहल के तहत 16 अगस्त से 20 सितंबर 2025 तक "राजस्व महाअभियान" का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य है – राज्यभर में ज़मीन से जुड़े मामलों को सरल, पारदर्शी और डिजिटल बनाना।
30 जुलाई को विभाग की ओर से इस अभियान की आधिकारिक घोषणा की गई। अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने सभी जिलाधिकारियों और प्रमंडलीय आयुक्तों को इस संबंध में पत्र जारी किया है।
इन सेवाओं का मिलेगा लाभ:
1. जमाबंदी सुधार (Jamabandi Correction)
नाम, खाता संख्या, खेसरा, रकबा, लगान आदि की त्रुटियों को सुधारा जाएगा।
2. उत्तराधिकार नामांतरण (Succession Mutation)
रैयत की मृत्यु के बाद उत्तराधिकारियों के नाम से जमाबंदी कराना।
3. बंटवारा नामांतरण (Partition Mutation)
संयुक्त जमाबंदी का विभाजन और अंशधारकों के नाम से अलग जमाबंदी।
4. छूटी हुई जमाबंदी ऑनलाइन लाना (Missed Records Online Upload)
जिन ज़मीनों की जमाबंदी अब तक डिजिटल नहीं हुई है, उन्हें ऑनलाइन किया जाएगा।
घर-घर जाकर दी जाएगी जानकारी
राजस्व विभाग की टीमें 16 अगस्त से 15 सितंबर तक लोगों के घर जाकर उनकी जमाबंदी की प्रति देंगी और हल्का शिविरों में आवेदन लेंगी। इससे लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
शिविर कहां लगेंगे और कैसे करें आवेदन?
- प्रत्येक पंचायत में सरकारी या अर्ध-सरकारी भवन में हल्का स्तर पर शिविर आयोजित होंगे।
- हर हल्का में कम से कम 7 दिनों के अंतराल पर दो बार शिविर होंगे।
- आवेदन पत्रों के साथ आवश्यक कागजात भी जमा किए जा सकेंगे।
महत्वपूर्ण वेबसाइट लिंक:
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार
https://biharbhumi.bihar.gov.in/


आँखें न्यूज़ 24 




