भारत से हार के बाद भी पाकिस्तान की तारीफ में चीन – ‘कमाल है, हमें भी सिखाओ…’

भारत से करारी शिकस्त खाने के बावजूद पाकिस्तान की तारीफ में चीन के वायुसेना प्रमुख वांग गैंग ने कहा – ‘कमाल है, हमें भी सिखाओ।’ इस्लामाबाद में PAF के साथ बैठक में उन्होंने पाकिस्तान की रणनीति को आधुनिक युद्ध का उदाहरण बताया।

भारत से हार के बाद भी पाकिस्तान की तारीफ में चीन – ‘कमाल है, हमें भी सिखाओ…’

चीन और पाकिस्तान के बीच सैन्य गठजोड़ और गहरा हो रहा है। इसी कड़ी में चीन के वायुसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल वांग गैंग ने हाल ही में इस्लामाबाद का दौरा किया। यहां उन्होंने पाकिस्तान वायुसेना (PAF) के प्रमुख एयर चीफ मार्शल जहीर अहमद बाबर सिद्धू से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

इस मुलाकात में वांग गैंग ने न केवल पाकिस्तानी वायुसेना की तारीफ की बल्कि भारत के साथ हुए संघर्ष के दौरान उसके “आधुनिक युद्ध” के अनुभवों से सीखने की इच्छा भी जताई। उन्होंने कहा कि चीनी वायुसेना (PLAAF) अपने पायलट्स और अधिकारियों को PAF से ट्रेनिंग दिलाना चाहती है।

भारत के खिलाफ PAK की ‘मिसाल’ से सीखना चाहता है चीन
इस्लामाबाद स्थित एयर हेडक्वार्टर में हुई बैठक के दौरान वांग गैंग ने कहा कि भारत के साथ हुए हालिया संघर्षों में पाकिस्तान ने जिस तरह की रणनीति अपनाई और हवाई क्षमताओं का प्रदर्शन किया, वह आधुनिक युद्ध का बेहतरीन उदाहरण है।

उन्होंने कहा, चीन, पाकिस्तान वायुसेना के अनुभवों को बेहद सम्मान के साथ देखता है और हम अपने पायलट्स को PAF के साथ ट्रेनिंग दिलाकर अपनी क्षमताओं को मजबूत करना चाहते हैं।

ISPR (Inter-Services Public Relations) द्वारा जारी बयान में कहा गया कि इस दौरान दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय सुरक्षा पर भी गहन चर्चा की और आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

J-10C फाइटर्स की जमकर तारीफ, लेकिन HQ-9BE की नाकामी पर चुप्पी
बैठक के दौरान वांग गैंग ने पाकिस्तान को मिले चीनी J-10C फाइटर जेट्स की खूबियों की तारीफ करते हुए कहा कि इस तकनीक ने पाकिस्तान की ताकत कई गुना बढ़ाई है। उन्होंने दावा किया कि चीनी तकनीक अब पश्चिमी तकनीक से कहीं बेहतर हो चुकी है।

हालांकि, उन्होंने हाल ही में भारत के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के HQ-9BE एयर डिफेंस सिस्टम की विफलता पर कोई टिप्पणी नहीं की।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ा पाक-चीन सामरिक सहयोग
गौरतलब है कि 6-7 मई की रात भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और पंजाब प्रांत में आतंकियों के कई ठिकानों पर जोरदार सर्जिकल स्ट्राइक की थी। इस हमले के बाद चार दिन तक सीमा पर तनाव बना रहा और पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

इसके बावजूद पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर इसे अपनी “रणनीतिक जीत” बताने की कोशिश की। चीन ने भी इस दौरान खुलकर पाकिस्तान का समर्थन किया और अब उसकी क्षमताओं को सुधारने के लिए PAF से सीखने की बात कर रहा है।