विराट-रोहित की वापसी पर फैंस को झटका! भारत-बांग्लादेश सीरीज टली, श्रीलंका ने रखी नई पेशकश

भारत-बांग्लादेश की सीरीज 2026 तक टली। विराट-रोहित की वापसी पर फैंस मायूस। श्रीलंका ने भारत को नई व्हाइट बॉल सीरीज का प्रस्ताव भेजा। जानें पूरी खबर।

विराट-रोहित की वापसी पर फैंस को झटका! भारत-बांग्लादेश सीरीज टली, श्रीलंका ने रखी नई पेशकश
virat kohli and rohit sharma

अगस्त 2025 में होने वाली भारत और बांग्लादेश के बीच 3 मैचों की वनडे और 3 मैचों की टी20 सीरीज को सितंबर 2026 तक टाल दिया गया है। इस खबर ने उन फैंस को सबसे ज्यादा मायूस किया जो विराट कोहली और रोहित शर्मा की इस सीरीज में वापसी की उम्मीद लगाए बैठे थे। लंबे ब्रेक के बाद दोनों दिग्गजों के व्हाइट बॉल क्रिकेट में लौटने की संभावना थी।

श्रीलंका ने भारत को दिया नया ऑफर
इसी बीच इंडिया टुडे की रिपोर्ट में बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने भारत को अगस्त में तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की व्हाइट बॉल सीरीज खेलने का प्रस्ताव भेजा है। इसके अलावा एक और बोर्ड ने भी भारत के साथ सीरीज खेलने की पेशकश की है।

बीसीसीआई से जुड़े एक सूत्र ने बताया, हमें कुछ प्रस्ताव मिले हैं और हम विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। कुछ बोर्ड ऐसे हैं जिनका अगस्त में कोई शेड्यूल नहीं है और उन्होंने इस दौरान भारत के साथ खेलने की इच्छा जताई है।

अगर श्रीलंका के साथ यह सीरीज तय होती है, तो विराट कोहली और रोहित शर्मा को वनडे टीम में एक्शन में देखने का मौका मिल सकता है।

BCCI ने ACC बैठक के स्थान पर जताई आपत्ति
बीसीसीआई ने 24 जुलाई को बांग्लादेश के ढाका में होने वाली एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) की बैठक के स्थल पर आपत्ति जताई है। बोर्ड ने औपचारिक रूप से स्थान बदलने का अनुरोध किया है। अगर बदलाव नहीं हुआ तो बीसीसीआई इस बैठक में हिस्सा ना लेने का फैसला कर सकता है।

एशिया कप 2025: शेड्यूल लगभग तय
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एशिया कप 2025 का आगाज़ 5 सितंबर से होने की संभावना है और फाइनल 21 सितंबर को खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और यूएई की टीमें हिस्सा लेंगी।