दिल्ली के कालकाजी मंदिर में मर्डर: चुन्नी-प्रसाद को लेकर विवाद, सेवादार की पीट-पीटकर हत्या

दिल्ली के कालकाजी मंदिर में चुन्नी-प्रसाद विवाद के बाद श्रद्धालुओं ने सेवादार की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य की तलाश जारी है। केजरीवाल ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।

दिल्ली के कालकाजी मंदिर में मर्डर: चुन्नी-प्रसाद को लेकर विवाद, सेवादार की पीट-पीटकर हत्या
वायरल वीडियो से ली गई फोटो

राजधानी दिल्ली के कालकाजी मंदिर से एक खौफनाक वारदात सामने आई है जिसने भक्तों और स्थानीय लोगों को हिला कर रख दिया। शुक्रवार (29 अगस्त 2025) रात करीब 9:30 बजे मंदिर में चुन्नी-प्रसाद को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। श्रद्धालुओं ने मंदिर के सेवादार की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

चुन्नी-प्रसाद को लेकर भड़के श्रद्धालु
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ श्रद्धालु मंदिर में प्रसाद लेने आए थे और उन्होंने चुन्नी की मांग की। इस दौरान उनकी मंदिर के सेवादार से कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में श्रद्धालुओं ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया।

35 वर्षीय योगेंद्र सिंह, जो बीते 15 साल से कालकाजी मंदिर में सेवा कर रहे थे, हमले का शिकार हो गए। घायल योगेंद्र को तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: एक आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कालकाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी की पहचान अतुल पांडे (30 वर्ष), निवासी दक्षिणपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य हमलावरों की तलाश जारी है।

पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।

केजरीवाल का बीजेपी पर हमला
इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही दिल्ली की राजनीति भी गरमा गई। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसे कानून व्यवस्था की नाकामी करार दिया।

उन्होंने लिखा – कालकाजी मंदिर के अंदर सेवादार की निर्मम हत्या करने से पहले इन बदमाशों के हाथ नहीं कांपे? यह दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था की विफलता है। बीजेपी के चारों इंजन मिलकर दिल्ली का ऐसा हाल कर चुके हैं कि अब मंदिरों में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं।

भक्तों में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
कालकाजी मंदिर दिल्ली के सबसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां रोज़ाना हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसी जगह पर सेवादार की हत्या ने लोगों के मन में डर पैदा कर दिया है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या राजधानी दिल्ली में कोई भी सुरक्षित है?