लालू यादव के 78वें जन्मदिन पर धूमधाम से जश्न, तलवार से काटा 78 किलो का लड्डू
आरजेडी प्रमुख लालू यादव का 78वां जन्मदिन समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा धूमधाम से मनाया गया। 78 किलो लड्डू और 78 तरह के फलों का तोहफा इस खास मौके को और यादगार बना गया।
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का 78वां जन्मदिन पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच धूमधाम से मनाया गया। राबड़ी आवास पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा रहा। ढोल-नगाड़ों की गूंज और उत्साह के बीच समर्थक नाचते-गाते नजर आए।
78 किलो का लड्डू और 78 तरह के फलों का अनोखा तोहफा
आरजेडी के राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार लालू यादव को 78 तरह के फलों का टोकरा भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे। इसके अलावा, कार्यकर्ताओं की ओर से 78 किलो का लड्डू लाया गया, जो इस खास मौके का आकर्षण बना। लालू यादव ने इसे पारंपरिक अंदाज में तलवार से काटा।
कार्यकर्ताओं ने इस जश्न को यादगार बनाने के लिए मिठाइयां और केक के डिब्बे लाए थे। कई कार्यकर्ता लालू यादव की तस्वीरें और पोस्टर लेकर पहुंचे, जबकि कुछ समर्थक तलवारें लहराते हुए जश्न मनाते दिखे।
आरजेडी ने मनाया 'सामाजिक सद्भावना दिवस
आरजेडी ने लालू यादव के जन्मदिन को 'सामाजिक सद्भावना दिवस' के रूप में मनाने की घोषणा की। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में 78 पौंड (35 किलो से ज्यादा) का केक काटा गया। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राजनीतिक हस्तियों की शुभकामनाएं
लालू यादव के जन्मदिन पर सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं ने ही नहीं, बल्कि कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लालू यादव को बधाई देने वालों की भरमार रही।


आँखें न्यूज़ 24 




