बिहार भाजपा की नई कोर कमेटी से सीपी ठाकुर बाहर, कई बड़े चेहरों को मिली जगह

बिहार भाजपा की नई कोर कमेटी से सीपी ठाकुर बाहर, कई बड़े चेहरों को मिली जगह

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार इकाई की कोर कमेटी और चुनाव समिति पर गुरुवार को मुहर लगा दी। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने इससे संबंधित सूची भी जारी कर दी है। डा. सीपी ठाकुर कोर कमेटी से बाहर कर दिए गए हैं। कोर कमेटी में 18 सदस्य बनाए गए हैं और दो विशेष आमंत्रित सदस्य। प्रदेश चुनाव समिति में 15 सदस्य बनाए गए हैं। इसके अलावा एक पदेन सदस्य और दो विशेष आमंत्रित सदस्य भी बनाए गए हैं।कोर कमेटी में प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल, उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को जगह मिली है। केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, खान एवं भू-तत्व मंत्री जनक राम, पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मंत्री प्रेम कुमार और नंदकिशोर यादव, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, नवल किशोर यादव और राजेंद्र प्रसाद गुप्ता भी कोर कमेटी के सदस्य बनाए गए हैं। विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ व सह प्रभारी हरीश द्विवेदी को लिया गया है।