दिल्ली में बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ की बेरहमी से हत्या, पार्किंग विवाद बना वजह
दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की पार्किंग विवाद में बेरहमी से हत्या। आरोपियों गौतम और उज्ज्वल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की मामूली पार्किंग विवाद में हत्या कर दी गई। घटना जंगपुरा के भोगल बाजार लेन में गुरुवार देर रात हुई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।
पार्किंग विवाद से शुरू हुआ झगड़ा, पहुंचा हत्या तक
पुलिस के मुताबिक, आसिफ काम से लौटकर घर पहुंचे थे। घर के सामने पड़ोसी की स्कूटी खड़ी थी, जिसे हटाने के लिए उन्होंने कहा। इस पर पड़ोसी ने स्कूटी हटाने के बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी। बहस इतनी बढ़ी कि आरोपियों ने धारदार नुकीले हथियार से आसिफ पर हमला कर दिया।
पत्नी का बयान – पहले भी हो चुका था झगड़ा
मृतक की पत्नी ने बताया कि पार्किंग को लेकर आरोपियों से पहले भी विवाद हो चुका था। गुरुवार रात भी मामूली बात पर उनका गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बेरहमी से आसिफ की जान ले ली। गंभीर रूप से घायल आसिफ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पकड़े आरोपी, बरामद हथियार
दिल्ली पुलिस ने हत्या के आरोप में गौतम और उज्ज्वल नाम के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सबसे पहले हमला उज्ज्वल ने किया था। हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल, दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
आसिफ का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना से परिवार और रिश्तेदारों में गहरा शोक है। हुमा कुरैशी के परिवार तक भी इस दर्दनाक खबर की सूचना पहुंच गई है।


आँखें न्यूज़ 24 




