बिहार में शराबबंदी की पोल खोलता Viral Video, डांसर के साथ 200 रुपए का नोट और बोतल लहराता शख्स, समस्तीपुर में मचा बवाल
समस्तीपुर के एक शादी समारोह में डांसर, शराब की बोतल और डिप्टी मेयर राम बालक पासवान का 200 रुपए का नोट देते वायरल वीडियो ने बिहार में शराबबंदी की हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बिहार में शराबबंदी कागजों पर भले सख्त कानून हो, लेकिन जमीनी तस्वीर बार-बार कुछ और ही कहानी सुनाती है। इस बार समस्तीपुर के वारिसनगर से सामने आया एक 51 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मचा रहा है। एक शादी समारोह के दौरान भोजपुरी गाने “कमरिया गोले… डोले राजा जी” पर एक डांसर मेहमानों की कुर्सियों के बीच ही ठुमके लगाती नजर आ रही है। मंच नहीं, सजी-संवरी कुर्सियों के बीच चलता ये डांस माहौल को किसी ऑर्केस्ट्रा जैसा बना देता है। आसपास बैठे लोग कभी चुपके से मुस्कुराते हैं तो कभी मोबाइल कैमरा ऑन कर वीडियो रिकॉर्ड करने लगते हैं।
डिप्टी मेयर के पास आकर बैठी डांसर
इसी दौरान वीडियो में एक ऐसा पल आता है जिसने पूरे मामले को और भी सनसनीखेज बना दिया। डांसर सीधे जाकर समस्तीपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर राम बालक पासवान और उनके पास बैठे एक अन्य व्यक्ति के बीच कुर्सी पर बैठ जाती है। शुरुआत में पासवान साहब थोड़े असहज दिखते हैं। वह चेहरा ढकने की कोशिश करते हैं, लेकिन कुछ सेकेंड बाद वह वहीं बैठे नजर आते हैं। यह दृश्य सोशल मीडिया यूजर्स के लिए चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन गया है।
200 रुपए का नोट और बोतल वाला डांस
इसके बाद वीडियो में जो दृश्य सामने आता है, वही पूरे मामले का टर्निंग पॉइंट बन जाता है। पासवान अपनी पर्स से 200 रुपए का नोट निकालते हैं और पहले किसी को बुलाकर देने का इशारा करते हैं। जब कोई आगे नहीं बढ़ता, तो वह खुद उठकर डांसर को नोट थमा देते हैं। ठीक सामने बैठा एक अधेड़ व्यक्ति शराब की बोतल लहराते हुए मस्ती में झूमता दिखाई देता है। जैसे ही पासवान अपनी जगह से उठते हैं, वही व्यक्ति उसी कुर्सी पर बैठकर नाचता रहता है। शराबबंदी वाले राज्य में यह नजारा लोगों के गले नहीं उतर रहा।
डिप्टी मेयर की सफाई और सेहत का हवाला
वीडियो वायरल होने के बाद डिप्टी मेयर राम बालक पासवान की सफाई भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि डांसर उनसे 500 रुपए मांग रही थी, लेकिन उनके पास केवल 200 रुपए ही थे, इसलिए वही दिए। उनका दावा है कि वीडियो में कोई अश्लीलता नहीं है। शराब की बोतल के साथ नाचने वाले व्यक्ति को वह जानते तक नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह सिर्फ दो मिनट के लिए वहां बैठे थे और उसके बाद तुरंत वहां से निकल गए। किसी ने जानबूझकर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। खुद को दिल का मरीज बताते हुए उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो देखकर उन्हें गहरा सदमा लगा है।
प्रशासन और राजनीति में मचा भूचाल
हालांकि यह वीडियो आँखे न्यूज 24 द्वारा प्रमाणित नहीं किया गया है, लेकिन समस्तीपुर जिले में यह मामला आग की तरह फैल चुका है। एक तरफ डांसर के ठुमकों की महफिल, दूसरी ओर शराब की बोतल और बीच में नगर निगम के उपमहापौर का यह पूरा दृश्य अब प्रशासन और राजनीति दोनों के लिए किरकिरी बन चुका है। शराबबंदी की सख्ती पर फिर से बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर ऐसे आयोजन खुलेआम कैसे हो रहे हैं और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग इसमें कैसे नजर आ रहे हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




